वैशाली जिला के हाजीपुर में मीडिया से बात करते हुए एलजेपी (आर) के सांसद अरुण भारती ने चिराग पासवान को लेकर एक बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने चिराग पासवान को बिहार का अगला मुखिया स्वीकार कर लिया है।
उन्होंने कहा कि एक से दो दशक में प्रदेश की राजनीति बदल जाती है। आज बिहार की राजनीति उस मोड़ पर है, जहां विधानसभा चुनाव के बाद अगले एक से दो दशक के लिए एक साफ-सुथरी राजनीति की आवश्यकता है, जिसके पास विजन हो और जो बिहार के लिए कुछ करना चाहता हो। उन्होंने कहा कि आने वाले एक से दो दशक में बिहार के लोग उनके नेतृत्व में राजनीति करेंगे और उनका आशीर्वाद प्राप्त होगा।
उन्होंने उल्लेख करते हुए कहा कि हम हर प्रमंडल में एक सम्मेलन कर रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में लोग हमारे नेता चिराग पासवान को सुनने के लिए आ रहे हैं। लोगों ने अपनी स्वीकृति जताई है और चिराग पासवान को अपना आशीर्वाद दिया है। बिहार के मुखिया बनने के लिए लोगों ने अपनी स्वीकृति प्रदान की है।
एलजेपी (आर) के सांसद अरुण भारती ने कहा कि इस अभियान का अगला चरण आप याद कीजिए, आरा से शुरू हुआ था। इसके बाद राजगीर, छपरा, मुंगेर, गया होते हुए नव संकल्प का अगला पड़ाव मुजफ्फरपुर होगा, जो 4 सितंबर को होगा। वहां पर चिराग पासवान आएंगे और अपनी बातों को प्रस्तुत करेंगे। वे बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट की अपनी विजन को जनता के सामने रखेंगे और विकसित बिहार बनाने का अपना लक्ष्य और रणनीति साझा करेंगे। सभी से आशीर्वाद लेकर वे अगले पड़ाव के लिए निकल जायेंगे।
बिहार की जनता हमारे नेता चिराग पासवान को कबूल कर रही है. जिस तरह जनता का हर सभा में समर्थन मिल रहा है, उससे जाहिर है कि चिराग को लोग पसंद कर रहे है. हमारे नेता बेदाग हैं, हमारे नेता के पिता भी बेदाग थे. उन्होंने कहा कि 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' के नारे के तहत हमारे नेता बिहार में काम कर रहे हैं. जनता हमारे नेता को बिहार के मुखिया के तौर पर पसंद कर रही है.
सांसद अरुण भारती 4 सितंबर को मुजफ्फरपुर में होने वाली नया संकल्प सभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए लोगों से मिलने के लिए हाजीपुर पहुंचे थे. उसी दौरान प्रेसवार्ता में उन्होंने अपनी बात रखी.