राजधानी दिल्ली-एनसीआर में बीते कुछ हफ्तों से आसमान में धुंध है। हवा की खराब होती गुणवत्ता को लेकर सभी लोग परेशान हैं। 3 नवंबर को दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भारी गिरावट आई और यह 'बेहद खराब' श्रेणी में पहुंच गया। सुबह करीब 7 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 371 दर्ज किया गया। इस तरह की प्रदूषित हवा को स्वास्थ्य विशेषज्ञ सेहत के लिए कई प्रकार से नुकसानदायक मानते हैं। गौरतलब है कि दिल्ली की हवा हर साल सर्दी के शुरुआती मौसम में प्रदूषित हो जाती है। हवा में मौजूद धूल, गाड़ियों और पराली का धुआं और औद्योगिक कचरे से निकलने वाले रसायन स्मॉग बनाते हैं जो सांस लेने तक में मुश्किल पैदा कर देता है।