शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण और पारिवारिक भावनात्मक जुड़ाव को प्रोत्साहित करने के लिए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा में आज विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय प्रांगण में फलदार पौधे लगाए गए तथा सभी बच्चों को एक-एक पौधा देकर घर भेजा गया। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों को यह प्रेरणा दी कि वे अपने घर में अपनी मां के साथ मिलकर पौधा लगाएं और उस क्षण को यादगार बनाने के लिए मां के साथ पौधा लगाते हुए सेल्फी खींचकर स्कूल को भेजें। इस पहल का उद्देश्य न केवल पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना है, बल्कि मां के प्रति प्रेम और सम्मान को भी प्रकृति से जोड़ना है विद्यालय की मुख्याध्यापिका सीमा शर्मा ने बताया कि यह अभियान बच्चों के भीतर हरियाली के प्रति लगाव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना पैदा करता है। साथ ही, माँ की ममता और एक पौधे की देखभाल में गहरा संबंध स्थापित करने का अवसर भी देता है। कार्यक्रम में शिक्षकों ने भी भाग लिया और छात्रों को पौधों की देखभाल करने के महत्व पर प्रेरणादायक संदेश दिए। स्कूल परिसर में लगाए गए पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी भी छात्रों को दी गई, जिससे उनमें स्वामित्व की भावना उत्पन्न हो।