उपमंडल अंब के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बेहड़ जसवां में स्वच्छ भारत मिशन और जल ही जीवन अभियान की खुलेआम अनदेखी सामने आई है। विद्यालय के साइंस ब्लॉक के पास लंबे समय से कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे दुर्गंध और मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है। टूटे नल से लगातार पानी बहने के कारण रोजाना भारी मात्रा में पेयजल बर्बाद हो रहा है। वहीं पास में स्थित खुला गंदा नाला बीमारी का केंद्र बन चुका है। विद्यालय में करीब 305 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं, साथ ही प्राथमिक विद्यालय भी परिसर में है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। साइंस ब्लॉक के साथ गांव का मुख्य रास्ता होने से राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सफाई, कूड़ा निस्तारण, नाले की मरम्मत और नल ठीक करवाने की मांग की है। प्रधानाचार्य सपना ठाकुर ने समस्या स्वीकार करते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया है, वहीं पंचायत प्रधान नील कुमारी ने बताया कि नाले की निकासी के लिए संबंधित विभाग से संपर्क किया गया है।