राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौकी मन्यार में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन विद्यार्थियों के लिए बैंकिंग जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक ऊना शाखा से आए वरिष्ठ अधिकारी आकाश भारद्वाज ने विद्यार्थियों को बैंक की विभिन्न योजनाओं और डिजिटल सुरक्षा के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री जन धन योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना जैसी योजनाओं के लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ना और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। आकाश भारद्वाज ने छात्रों को आरबीआई के "सचेत" ऐप के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि यह ऐप लोगों को धोखाधड़ी से बचाने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि बैंकिंग लेनदेन के दौरान सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही उन्होंने गूगल पे, फोनपे, पेटीएम जैसे डिजिटल भुगतान माध्यमों के सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं पर भी चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी या बैंक विवरण किसी के साथ साझा न करें। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी बैंकिंग से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका आकाश भारद्वाज ने सरल भाषा में उत्तर दिया। इस सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल बैंकिंग, वित्तीय साक्षरता और साइबर सुरक्षा के महत्व की समझ प्राप्त हुई। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोहर लाल शर्मा ने पंजाब नेशनल बैंक का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे सत्र विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उन्हें जागरूक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।