शुतुद्री वंदन सेलिंग अभियान के नौवें दिन अभियान दल ने मंडली से पुरोहियाँ, भाखड़ा और नकराना होते हुए लगभग 42 किलोमीटर का सफर तय कर ज्योरिपटन पहुंचकर नया पड़ाव डाला। इस दौरान अभियान दल ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नकराना में “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” विषय पर एक जागरूकता रैली आयोजित की, जिसमें कैडेट्स ने ग्रामीणों को सामाजिक सरोकार से जोड़ा। अभियान दल के कैडेट्स ने जलाशय में फैले द्वीपों का अवलोकन किया। ये द्वीप पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं और जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता को और निखारते हैं। दिन का मुख्य आकर्षण रहा नौकायान प्रतियोगिता, जिसमें तीनों नावों के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। इस प्रतियोगिता में सतलुज दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रावी और व्यास दल को पराजित किया। इसके अलावा अभियान दल ने यात्रा के दौरान कई स्थानों पर नौका घाटों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश भी दिया, जिससे स्थानीय लोगों में पर्यावरण संरक्षण की जागरूकता बढ़ी।