लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए अब बड़ी राहत की शुरुआत हो गई है। विधायक विवेक शर्मा ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर घोषणा की कि प्रदेश सरकार ने क्षेत्र के लिए 15 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी पेयजल योजना को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस योजना के पूरा होने के बाद कोहडरा से लेकर तूतडू तक हर घर में 24 घंटे आरओ स्तर का शुद्ध पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह योजना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित होगी, क्योंकि आज तक 1990 से लेकर 2022 तक कुटलैहड़ को केवल एक ही बड़ी पेयजल योजना मिली थी, जो स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की देन रही थी। अब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने इस पुरानी समस्या का समाधान निकालते हुए ठोस कदम उठाया है। विधायक ने बताया कि योजना के तहत तुरकाल से पानी की लिफ्टिंग की जाएगी और इस पानी को आधुनिक तकनीक से शुद्ध किया जाएगा। खास बात यह होगी कि क्लोरीन का उपयोग नहीं किया जाएगा, बल्कि पानी को आरओ स्तर पर फिल्टर कर शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक बनाया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत गोबिंद सागर का पानी भी लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि गुणवत्ता और स्वच्छता दोनों का ध्यान रखा जा सके। उन्होंने कहा कि योजना में बिजली की समस्या से बचाव के लिए वैकल्पिक पावर बैकअप और आधुनिक मशीनों की व्यवस्था की जाएगी। पहले चरण में करीब 60 गांवों के लगभग 25 हज़ार लोग इस योजना से लाभान्वित होंगे।