क्षेत्र के लोकप्रिय राजा रहे स्वर्गीय महिंद्रपाल की स्मृति में आगामी 4 जुलाई को एक भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन जमासनी माता मंदिर प्रांगण से शाम 5 बजे आरंभ होगा। आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी में खेल भावना को प्रोत्साहन देना और स्व. राजा महिंद्रपाल के समाजहित में दिए गए योगदान को स्मरण करना है। इस मैराथन दौड़ में न केवल स्थानीय युवा बल्कि आसपास के कुटलैहड के धावकों के भाग लेने की भी संभावना जताई जा रही है। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कुटलैहड़ विकास मंच के अध्यक्ष टीका शविन्द्र पाल ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त जतिन लाल होंगे। आयोजन समिति ने सभी खेल प्रेमियों, स्थानीय निवासियों और युवाओं से आग्रह किया है कि वे समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करें। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और लोगों में स्व. राजा महिंद्रपाल की स्मृति को श्रद्धांजलि देने का विशेष भाव देखने को मिल रहा है।