उपमंडल अंब के तहत अंब-नादौन राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिबार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सिकरा दा परों ज्वार पंचायत के बीच सड़क पर मोटरसाइकिल और स्कूटी से भरा एक ट्रक पलट गया। जानकारी के अनुसार ट्रक नंबर सीएच 01टीबी 4038 शाहबाद, हरियाणा से कांगड़ा की ओर जा रहा था। रात करीब एक बजे जब ट्रक तीखे मोड़ पर पहुंचा तो सामने से एक कार गलत दिशा में आती दिखाई दी। कार को बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रक को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रक सड़क के बीचों-बीच पलट गया। हादसे के समय सड़क पर अन्य वाहनों की आवाजाही कम होने के कारण बड़ा नुकसान होने से बचाव हो गया। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई। हालांकि ट्रक में लोड की गई मोटरसाइकिलों और स्कूटियों को भारी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बाद में संबंधित विभाग और पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू किए। क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण सामने से गलत दिशा में आ रही कार को बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है। यह घटना एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तीखे मोड़ों और गलत दिशा में वाहन चलाने की लापरवाही के खतरों को उजागर करती है। प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।