उपमंडल बंगाणा के तहत ग्राम पंचायत थानाकलां के गांव थाना खास में बने तालाब में सैकड़ों मछलियों के मरने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। तालाब में मछलियां किस कारण मरीं, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब काफी गहरा है और उसमें मृत मछलियां तैरने से दुर्गंध फैलनी शुरू हो गई है। इससे क्षेत्र में महामारी फैलने की आशंका बन गई है। लोगों ने बताया कि तालाब के आसपास पशु और बच्चे भी आते-जाते हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने मत्स्य विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी है और उनसे आग्रह किया है कि मरी हुई मछलियों को निकालने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।