फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una Crime: अवैध शराब की टोह लेने पहुंचे कारोबारी के कारिंदे को गोली, लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग

उपमंडल गगरेट के जोह बह क्षेत्र के डंगोह खुर्द गांव में शनिवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। कथित तौर पर अवैध शराब के कारोबार की जानकारी जुटाने पहुंचे एक शराब कारोबारी के कारिंदे को गोली मार दी गई। गोली उसकी जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, टांडा रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार दौलतपुर चौक के एक शराब कारोबारी के कुछ कारिंदे निजी वाहन में सवार होकर जोह बह क्षेत्र में कथित अवैध शराब के कारोबार की टोह लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका सामना डंगोह खुर्द निवासी मोहिंदर सिंह उर्फ कोको से हुआ। पूछताछ के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मोहिंदर सिंह उर्फ कोको ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। गोली एक कारिंदे की जांघ में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी मौके से चला गया। घायल को उसके साथी तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दौलतपुर चौक ले गए। मेडिकल ऑफिसर डॉ. संदीप नरूला के अनुसार प्राथमिक उपचार के दौरान पता चला कि गोली जांघ को आर-पार कर गई थी। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने पर गगरेट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी मोहिंदर सिंह उर्फ कोको को हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी बंदूक भी कब्जे में ले ली है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। डीएसपी गगरेट अनिल पटियाल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और फायरिंग की नौबत क्यों आई। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें