राष्ट्रीय विकलांग दिव्यांग संगठन की बैठक विश्राम गृह ऊना में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिला प्रधान तरसेम चंद ने की। इस दौरान दिव्यांगजनों को पेश आ रही विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव नेत्र सिंह चौधरी ने कहा कि सहारा पेंशन बंद होने से दिव्यांगजनों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी दिव्यांगजनों को ₹5000 प्रतिमाह की पेंशन उपलब्ध करवाई जाए, ताकि उन्हें जीवन यापन में सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विभाग की ओर से मिलने वाली पेंशन के लिए ई-केवाईसी करवाने में भी कई दिव्यांगजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की। बैठक में जिला प्रधान पुष्पा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन आगे भी आवाज उठाता रहेगा।