श्री चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन लगातार बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने में जुटा हुआ है। हाल ही में मंदिर के हाल में लगाए गए एसी श्रद्धालुओं के लिए राहत का बड़ा माध्यम बने हुए हैं। जानकारी के अनुसार ये एसी किसी श्रद्धालु द्वारा दान स्वरूप मंदिर को भेंट किए गए हैं, जिससे अब गर्मी के मौसम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल रही है। सोमवार को भी मां चिंतपूर्णी के दरबार में श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी चहल-पहल देखने को मिली। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं मंदिर हाल में लगी आधुनिक सुविधाओं को देखकर श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रशासन की सराहना की। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर प्रशासन लगातार भक्तों की सुविधा के लिए बेहतर कदम उठा रहा है। चाहे लाइन व्यवस्था हो, साफ-सफाई हो या फिर गर्मी से राहत देने के लिए एसी जैसी सुविधाएं — हर स्तर पर व्यवस्थाओं में सुधार देखने को मिल रहा है। श्रद्धालुओं ने कहा कि मां चिंतपूर्णी मंदिर में आने वाले भक्तों को अब पहले से अधिक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे दर्शन व्यवस्था भी सुगम बनी हुई है।