महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में सिविल अस्पताल गगरेट में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 62यूनिट रक्तदान किया। खास बात यह रही कि इस शिविर में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और समाज में सेवा का उदाहरण पेश किया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद भगत सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। वक्ताओं ने कहा कि आजादी की लड़ाई में भगत सिंह का योगदान अमूल्य रहा है। उन्होंने मात्र 23 वर्ष की आयु में देश की स्वतंत्रता के लिए अपना बलिदान दे दिया। उनके विचार आज भी युवाओं को देशभक्ति, साहस और समाजसेवा की प्रेरणा देते हैं। शिविर में मौजूद चिकित्सकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है और इसे शहीद भगत सिंह की जयंती जैसे पावन अवसर पर करना सच्ची श्रद्धांजलि है।