सोशल मीडिया में सिख फॉर जस्टिस के देश विरोधी पोस्ट को वायरल करने पर भाजपा ने आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पूर्व विधायक और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष बलबीर सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अंब थाना में इस संबंध में शिकायत पत्र दिया है। बलबीर सिंह ने बताया कि एक तरफ जहां देश स्वतंत्रता दिवस पर देश के शहीदों और बहादुर जवानों को नमन कर रहा था, तो दूसरी तरफ अंब में ऊना रोड का रहने वाला एक व्यक्ति अपने सोशल मीडिया पर सिख फॉर जस्टिस जैसे देश विरोधी संगठन के वीडियो वायरल कर रहा था। इससे राष्ट्रीय ध्वज और देश के प्रधानमंत्री के प्रति अपमानजनक पोस्ट वायरल किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे पोस्ट ना सिर्फ देश की छवि के लिए घातक हैं, बल्कि इससे हर सामान्य भारतीय नागरिक की भावना को भी ठेस पहुंच रही है। यदि इस प्रकार के असामाजिक तत्व को समय रहते नियंत्रित नहीं किया गया तो यह समाज के लिए उपयुक्त नहीं है। इसलिए आरोपी व्यक्ति के विरुद्ध समय पर कानून के अनुसार कठोर कार्यवाही की जानी चाहिए। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष शाम मिन्हास, नगर पंचायत अध्यक्ष इंदु बाला, उपाध्यक्ष उपदेश ठाकुर, पार्षद मोनू, राजेश शर्मा, पंकज, मनोज, स्पर्श, कपिल, प्रदीप शर्मा सहित क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद रहे।