रविवार को मां चिंतपूर्णी धाम में भक्तों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। तड़के सुबह से ही श्रद्धालु मां के दर्शन करने मंदिर पहुंचने लगे। दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई और दोपहर तक पुरानी बस स्टैंड से लेकर मंदिर के द्वार तक लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। मंदिर मार्गों पर जय माता दी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने व्यवस्थाएं पहले से बेहतर बनाए रखीं। लाइन व्यवस्था, सुरक्षा और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। मंदिर आने वाले हर भक्त को सुविधाजनक ढंग से दर्शन करवाने के लिए सेवादार और पुलिस कर्मी लगातार तैनात रहे। मंदिर प्रशासन के मुताबिक, रविवार को स्थानीय लोगों के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर प्रांगण में पूरे दिन रौनक छाई रही।