खंड विकास अधिकारी कार्यालय बंगाणा के सभागार कक्ष में पंचायत समिति बंगाणा के 19 नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी बंगाणा सोनू गोयल ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को पद की शपथ दिलाई। समारोह के दौरान नवचयनित सदस्यों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, जनहित तथा पंचायत राज व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी सोनू गोयल ने सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत समिति ग्रामीण विकास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है तथा जनप्रतिनिधियों की सकारात्मक सोच और सक्रिय सहभागिता से क्षेत्र के विकास को नई दिशा एवं गति मिलती है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी निर्वाचित सदस्य पारदर्शिता और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। शपथ ग्रहण समारोह में खंड विकास अधिकारी के.एल. वर्मा, उप निरीक्षक दिलावर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।