ऊना जिले में चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य के साथ स्वीप टीमें जन-जन तक पहुंच रही हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी उपायुक्त जतिन लाल के निर्देशानुसार यह टीमें रोचकता और मनोरंजन से भरे विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने का काम कर रही हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को भड़ोलियां खुर्द, बसदेहड़ा, झलेड़ा, हरोली व कैलाश नगर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कानूनगो निर्वाचन हरजीत सिंह की अगुवाई में आईआरबीएन बनगढ़ के एकलव्य कलामंच ने भड़ोलियां कलां व बसदेहड़ा में नुक्कड़ नाटक के जरिये लोगों को मताधिकार के इस्तेमाल को लेकर जागरूक किया। कलाकारों ने मतदाताओं को एक सुंदर संदेश के जरिये बताया कि लोकतंत्र की मर्यादा को बनाए रखने के लिए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन में न आकर स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। उन्होंने सभी मतदाताओं से चुनावों में 100 फीसदी सहभागिता सुनिश्चित बनाने का भी आह्वान किया।