कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी द्वारा देश के लोकप्रिय प्रधान मंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह के अकस्मात निधन पर जोगी पंगा स्थित कार्यालय होटल हवेली में शोक सभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम किया गया। जिसमें कुटलैहड़ विस क्षेत्र के कांग्रेस विधायक विवेक शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत करके देश के प्रथम सिख समुदाय से सबसे सफल ओर लोकप्रिय प्रधान मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करके श्रद्धांजलि दी। और उनकी आत्म शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल भारतीय राजनीति और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई एतिहासिक निर्णय लिए जिनसे भारतीय समाज और अर्थव्यवस्था में स्थायी बदलाव आए थे। विवेक शर्मा ने कहा कि गरीब परिवार से प्रधान मंत्री पद पर पहुंचे डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में साल 2005 में मनरेगा लागू किया गया। जिसका उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों का रोजगार प्रदान करना था। यह योजना गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को रोजगार प्रदान करने के लिए ऐतिहासिक कदम साबित हुई। ओर आज गांव के गरीब और अहसाय परिवारों के लिए मनरेगा वरदान साबित हो रही है। विवेक शर्मा ने कहा कि भारत-अमेरिका परमाणु समझौता भी अहम रहा है और उनके प्रधानमंत्री बनने के दौरान भारत और अमेरिका के बीच असैन्य परमाणु समझौता हुआ। जिससे भारत को परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह से छूट प्राप्त हुई। यह समझौता भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जाती है।