बंगाणा लीगल सर्विसेज अथॉरिटी जिला ऊना के सौजन्य से ग्राम पंचायत मुच्छाली में वीरवार को एचआईवी एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक अवेयरनेस शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन एडवोकेट रमेश सारथी द्वारा किया गया। इस अवसर पर पंचायत प्रधान विजय शर्मा, उप प्रधान अजय शर्मा, सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, नेहा ठाकुर, स्वास्थ्य विभाग से सुरेश कुमार परदेशी और ऋषि भट्टी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त कृषि सखी अनु बाला, पशु सखी रोमा समेत ग्राम पंचायत के अनेक ग्रामीणों ने भी इस जागरूकता शिविर में भाग लिया। शिविर के दौरान एचआईवी एड्स से संबंधित जानकारी, बचाव के उपाय, सामाजिक मिथकों और इससे जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने ग्रामीणों को समय पर जांच और जागरूकता के महत्व पर बल दिया। एडवोकेट रमेश सारथी ने कहा कि ऐसे शिविर समाज को सशक्त बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं और सभी को मिलकर इस विषय पर खुलकर बात करनी चाहिए। ग्रामीणों ने भी शिविर को उपयोगी बताते हुए इसके लिए आयोजकों का आभार प्रकट किया।