हरोली उपमंडल के कई गांवों में इन दिनों दुधारू पशुओं में अज्ञात बीमारी फैलने से पशुपालकों में चिंता का माहौल है। बीमारी के कारण पशुओं को तेज बुखार आ रहा है और कुछ ही घंटों में उनकी मौत हो रही है। पशुपालकों का आरोप है कि पशुपालन विभाग इस गंभीर स्थिति को लेकर लापरवाही बरत रहा है और उन्हें आवश्यक दवाइयां व उपचार उपलब्ध नहीं करवा पा रहा। इसी को लेकर गुरुवार को क्षेत्र के कई पशुपालक उपनिदेशक कार्यालय पहुंचे और विभाग के प्रति नाराजगी जताई।