उपमंडल बंगाणा में सोमवार को ब्लाक समिति बंगाणा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुषमा देवी की अध्यक्षता में पंचायत समिति की प्रथम बैठक खंड विकास कार्यालय बंगाणा के सभागार में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी केएल वर्मा ने सभी नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों का शॉल एवं हिमाचली टोपी पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान कर किया। बैठक को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी केएल वर्मा ने पंचायत समिति के अधिकारों, दायित्वों एवं कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है, जो विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पंचायतों के कार्यों की समीक्षा, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा जनहित से जुड़े विकास कार्यों को गति प्रदान करने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी निर्वाचित सदस्यों से अपेक्षा जताई कि वे टीम भावना, पारदर्शिता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास को प्राथमिकता दें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक में पंचायत समिति की अध्यक्ष सुषमा देवी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि पंचायत समिति जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र की समस्याओं के समाधान तथा विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करेगी।