ऊना सदर क्षेत्र के तहत बहडाला में एक जनरल स्टोर में आग लग गई। आग से करीब चार लाख का सामान जलकर राख हो गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। जांच के दौरान अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10:30 बजे बहडाला स्थित एक जनरल स्टोर में आग लगी। स्थानीय लोगों की तरफ से इस घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।विभाग की तरफ से समय पर आग पर काबू पाए जाने के कारण आसपास की दुकानों को बचा लिया गया। मामले की पुष्टि करते हुए फायर स्टेशन अधिकारी ऊना नितिन धीमान ने बताया कि रविवार रात आग लगने की सूचना मिली थी, टीम को तुरंत मौके पर भेजकर आग पर काबू पाया गया। इस घटना में करीब चार लाख के नुकसान का आकलन किया गया है। मामले की जांच जारी है।