जिला ऊना के पेखूबेला स्थित 32 मेगावाट के सौर ऊर्जा संयंत्र को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। इस संयंत्र में कार्यरत कर्मचारियों को बीते तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है। इससे उनके घरों में रोजमर्रा के खर्चों को चलाना मुश्किल हो गया है। कर्मियों ने सरकार से जल्द फंड जारी करने की मांग की है, ताकि उन्हें समय पर वेतन मिल सके। वहीं संयंत्र का संचालन देख रही निजी कंपनी का कहना है कि उन्हें पिछले डेढ़ साल से सरकार की ओर से कोई भुगतान नहीं हुआ है। इसके बावजूद वे अब तक अपने संसाधनों से कर्मचारियों को वेतन देते आ रहे थे, लेकिन अब कंपनी की भी आर्थिक स्थिति जवाब दे चुकी है। सिर्फ कर्मचारियों की ही नहीं, स्थानीय ग्रामीणों की भी शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह भूमि पहले चरागाह के रूप में उपयोग होती थी, जहां अब घास काटने पर भी पाबंदी है।