उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत चुरुडू के वार्ड नंबर-2 में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। रिहायशी इलाके में लगा पुराना बिजली का पोल अचानक टूटकर गिर गया, लेकिन पास खड़े पेड़ में फंस जाने से वह पूरी तरह जमीन पर नहीं गिरा। यदि पेड़ का सहारा नहीं मिलता तो पोल किसी मकान या राहगीर पर गिर सकता था। घटना के बाद से करीब 15 से 20 घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली बंद होने से पेयजल आपूर्ति के साथ-साथ लोगों के दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उधर, बिजली बोर्ड के एसडीओ जुगल किशोर ने बताया कि लाइन काफी पुरानी है और सुरक्षा के लिए नए पोल लगाना आवश्यक है।