जनता व प्रशासन के मध्य विश्वास की डोर को नई मजबूती देने वाले एक प्रेरक प्रसंग में उपायुक्त ऊना जतिन लाल जिले के एक किसान से किए अपने वादे को निभाने उनके खेतों में पहुंचे। उन्होंने वहां ना केवल किसान विजय कुमार का हौंसला बढ़ाया बल्कि आगे बढ़कर कर कार्य में उनका हाथ भी बंटाया। बता दें, ऊना जिले के हरोली के किसान विजय कुमार प्राकृतिक खेती करते हैं। डीसी जतिन लाल आतमा परियोजना में प्राकृतिक खेती के कार्यों के अवलोकन के लिए एक औपचारिक दौरे में अप्रैल महीने के पहले हफ्ते हरोली गए थे। तब उन्होंने वहां विजय के खेतों का भ्रमण करते हुए उनसे गेहूं की फसल की थ्रेसिंग के समय फिर से आने का वादा किया था। अपने इस वादे को निभाते हुए जतिन लाल शुक्रवार को विजय कुमार के यहां हरोली पहुंचे। इस दौरान आतमा परियोजना के ऊना जिले के निदेशक विरेंद्र बग्गा तथा उप निदेशक शामली गुप्ता तथा मृदा परीक्षण अधिकारी दीपिका भाटिया भी उनके साथ थे। उपायुक्त ने इस दौरान गेहूं की थ्रेसिंग की पूरी प्रक्रिया देखी-समझी तथा खुद इसमें हाथ भी बंटाया।