ऊना जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देशराज गौतम ने कहा कि राष्ट्रगान किसी दल या सरकार का नहीं, बल्कि पूरे देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। विधानसभा जैसे सांविधानिक और लोकतांत्रिक संस्थान में राष्ट्रगान के दौरान मौजूद रहना प्रत्येक निर्वाचित प्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। गौतम ने भाजपा पर राष्ट्रवाद और देशभक्ति को लेकर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा नेता राष्ट्रवाद की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, वहीं दूसरी ओर विधानसभा के भीतर राष्ट्रगान के दौरान बहिष्कार का रास्ता अपनाया जाता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े विषयों को राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए। कांग्रेस ने भाजपा विधायकों के इस रवैये को दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत करार दिया।