पुलिस चौकी जोल के तहत बडूही-तलमेहड़ा सड़क मार्ग पर नीलकंठ महादेव के पास बाइक सवार दो लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर कार सवार महिलाओं से सोने की चेन छीन ली। वारदात के बाद आरोपी बिना नंबर की बाइक पर बडूही की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जोल पुलिस मौके पर पहुंची और कार सवारों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार कार में एक युवती, दो महिलाएं और बच्चे सवार थे। रास्ते में बाइक सवार आरोपियों ने कार का टायर पंचर होने का इशारा करते हुए उन्हें रोक लिया। जैसे ही कार सवारों ने शीशा नीचे किया, आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन लूट ली। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर बडूही की तरफ फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ितों के बयान दर्ज किए। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बिना नंबर की बाइक होने के कारण पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है।