ऊना जिले में मौसम साफ होते ही किसानों ने अपने सारे काम छोड़कर गेहूं की कटाई शुरू कर दी। बीते दिनों खराब मौसम और बारिश के चलते किसान काफी चिंतित थे, जिससे अब दोबारा खराब मौसम के डर से किसान सुबह तड़के 5:00 बजे से लेकर देर शाम 8-9 बजे तक खेतों में मेहनत कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि इस बार मौसम की अनिश्चितता ने उन्हें कोई भी मौका नहीं छोड़ने दिया। जैसे ही आसमान साफ हुआ, लोगों ने बिना समय गंवाए फसल समेटनी शुरू कर दी। किसानों की प्राथमिकता इस समय गेहूं की फसल को सुरक्षित निकालना है। यदि फिर से बारिश हुई तो खड़ी फसल को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए हर किसान अपने स्तर पर भरसक प्रयास कर रहा है कि जल्द से जल्द कटाई पूरी की जाए। स्थानीय किसान सुभाष सिंह व रवि कुमार ने बताया कि जल्द से जल्द फसल को काटकर घर पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि माैसम बिगड़ने की स्थिति में फसल खराब न हो।