अप्पर अरनियाला निवासी राकेश सिंह उर्फ गग्गी की बसाल में हुई हत्या को दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक हत्यारों की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों में आक्रोश है। मंगलवार को परिजनों ने मिनी सचिवालय में रोष प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान भाजपा के कार्यकर्ता भी साथ रहे। मृतक गग्गी के पिता अजमेर ने बताया कि राकेश की बेरहमी से हत्या कर दी गई, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस दौरान एसपी ऊना ने परिजनों को निष्पक्ष और जल्द जांच का भरोसा दिलाया तथा कहा कि पुलिस हर पहलु से मामले की छानबीन कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।