कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोमनियार जिला परिषद वार्ड की एक विशेष बैठक बुधवार को जोगी पंगा स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य स्थानीय प्रतिनिधियों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करना, क्षेत्र की जन समस्याओं पर विचार-विमर्श करना तथा आगामी पंचायत चुनावों की रूपरेखा तैयार करना रहा। बैठक की विशेष बात यह रही कि इसमें कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की। विधायक ने प्रतिनिधियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और हर मुद्दे पर सार्थक संवाद किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। बैठक में इनमें सुरेश कुमार, राम आसरा शर्मा, राकेश कुमार, मुकेश कुमार, अच्छरो बीबी, मीना देवी सहित अन्य सदस्य शामिल थे। बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने सड़क, पानी, स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली आपूर्ति, ग्रामीण विकास योजनाओं व शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को खुलकर रखा।