जिला मुख्यालय ऊना के 84 पौड़ी वाला इलाके में आवारा कुत्तों के आतंक का मामला सामने आया है। गुरुवार को यहां एक मासूम बच्ची पर आवारा कुत्तों ने हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। कुत्तों ने बच्ची के शरीर के कई हिस्सों को नोच डाला, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। जानकारी के अनुसार बच्ची इलाके में घर के बाहर थी। इसी दौरान अचानक कुछ आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया। हमले में बच्ची को शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद परिजन बच्ची को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। प्राथमिक उपचार और जरूरी इंजेक्शन लगाने के बाद बच्ची को घर भेज दिया गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि शहर में लगातार आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, लेकिन नगर निगम की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। लोगों ने कहा कि जब जिला मुख्यालय के मुख्य शहरी क्षेत्र में ही लोग सुरक्षित नहीं हैं तो अन्य इलाकों के हालात का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग उठाई है कि आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए जल्द प्रभावी अभियान चलाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।