स्टार गोजुरियु कराटे फेडरेशन के 25 खिलाड़ियों ने हाल ही में आयोजित ब्लैक बेल्ट परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। परीक्षा के दौरान प्रतिभागियों ने कराटे तकनीक, शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), हिमाचल प्रदेश, रमेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके अनुशासन और समर्पण की सराहना की। फेडरेशन के शिहान संजय ठाकुर ने बताया कि ब्लैक बेल्ट केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि वर्षों के निरंतर अभ्यास, धैर्य और कराटे के मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने पिछले छह वर्षों से कठिन मेहनत की, जिसका परिणाम इस परीक्षा में देखने को मिला। मुख्य अतिथि रमेश शर्मा ने खिलाड़ियों के अभ्यास और सहनशक्ति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अनुशासित और मेहनती युवा ही देश की मजबूत नींव हैं। उन्होंने फेडरेशन के संस्थापक शिहान संजय ठाकुर के प्रयासों की भी प्रशंसा की। परीक्षा में अरमान ठाकुर ने 300 में से 279 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। रोहित शर्मा ने 278 अंकों के साथ दूसरा और अरकिशा सूद ने 277 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, देवेंद्र कुमार ने द्वितीय डैन (Second Dan) ब्लैक बेल्ट हासिल की। ब्लैक बेल्ट प्रदान करने से पहले सभी खिलाड़ियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के संस्थापक हीरा ठाकुर, फेडरेशन के सलाहकार मोहिंदर ठाकुर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।