राजकीय महाविद्यालय सोलन के बीवॉक विभाग की ओर से महाविद्यालय परिसर में अध्यापक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली विशेष रूप से उपस्थित रहीं। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को सम्मानित किया और विभिन्न नृत्य, गीत, नाटिका आदि प्रस्तुत कर उनका मनोरंजन किया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों का उनके उचित मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद भी व्यक्त किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली ने कहा कि गुरु का हमारे जीवन में विशेष महत्व होता है। गुरु केवल शैक्षणिक संस्थानों में ही नहीं बल्कि घर और समाज में भी हमें सही शिक्षा देने वाले होते हैं, जो हमारे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बीवॉक विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि खराब मौसम के कारण इस वर्ष 5 सितंबर को अध्यापक दिवस नहीं मनाया जा सका, इसलिए छात्रों ने शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए बुधवार को इस समारोह का आयोजन किया।