दून विधानसभा क्षेत्र के पट्टा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में डॉक्टरों की कमी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बीती रात एक परिवार को तब दिक्कत झेलनी पड़ी, जब खाने में छिपकली मिलने के बाद वे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं था। जानकारी के अनुसार, पट्टा क्षेत्र के एक गांव में भोजन के दौरान खाने में छिपकली निकल आई। एहतियात के तौर पर परिवार के सदस्य रात में इलाज के लिए पट्टा सीएचसी पहुंचे, लेकिन अस्पताल में डॉक्टर न मिलने से उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पट्टा सीएचसी में रात के समय डॉक्टरों की अनुपलब्धता लंबे समय से बनी हुई है, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों ने स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार से मांग की है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके।