सोलन। जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड ने दिवाली के अवसर पर अपने कर्मचारियों को 3.17 करोड़ रुपये का विशेष तोहफा देने की घोषणा की है। इसमें 1.74 करोड़ रुपये का महंगाई भत्ता एरियर और 1.43 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि शामिल है। यह निर्णय बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा की अध्यक्षता में हुई दूसरी तिमाही की समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में बैंक के प्रबंध निदेशक पंकज सूद भी उपस्थित रहे। बैंक प्रबंधन ने 1 जुलाई 2023 से 30 सितंबर 2026 तक की अवधि के लिए यह राशि जारी करने का फैसला किया है। मुकेश शर्मा ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही तक बैंक का व्यवसाय संतोषजनक रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि 31 मार्च 2027 तक बैंक का कुल कारोबार 2,300 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर जाएगा। साथ ही, शुद्ध लाभ लगभग 25 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। बैंक ने वित्तीय अनुशासन और बेहतर प्रबंधन के साथ ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने में प्रगति की है।