जिला बार एसोसिएशन ने सोलन में स्थायी जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग स्थापित करने की मांग की है। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को डाक के माध्यम से एक अभ्यावेदन भेजा है। वर्तमान में सोलन में प्रति माह केवल तीन दिन का कैंप कोर्ट लगता है, जिसे बार एसोसिएशन ने अपर्याप्त बताया है। जिला बार एसोसिएशन सोलन के अध्यक्ष केएस कटोच, महासचिव नीतीश ठाकुर ने कहा कि यह अभ्यावेदन स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शंडिल और सोलन जिले के विधायकों को भी भेजा गया है। इनमें संजय अवस्थी, विनोद सुल्तानपुरी, राम कुमार चौधरी और हरदीप सिंह बावा शामिल हैं। बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं से व्यक्तिगत रूप से मिलेगा। एसोसिएशन उनसे इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप की अपील करेगा। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन ने बताया कि सोलन एक महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्र है। यहां अनेक औद्योगिक प्रतिष्ठान और निजी विश्वविद्यालय संचालित हैं। यह जिला राज्य कोष में बड़ा राजस्व योगदान देता है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर न्याय की आवश्यकता है। वर्तमान में सोलन उपभोक्ता आयोग के ऊना क्षेत्र में आता है, जिसमें ऊना और सिरमौर जिले भी शामिल हैं।