राजकीय महाविद्यालय सोलन के सभागार में सात दिवसीय आवासीय एनएसएस शिविर का समापन हो गया। शिविर 18 दिसंबर को शुरू हुआ था। शिविर में कुल 95 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। सात दिनों तक इन्होंने परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से सेवा का संदेश दिया। समापन के दौरान स्वयंसेवियों ने कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह सोनी और डॉ. प्रियंका मुलतानी की देखरेख में हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया। कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. रेनू बाला ने इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने राष्ट्र निर्माण के लिए समाज सेवा को अनिवार्य बताया और स्वयंसेवियों को एनएसएस के मूल मंत्र स्वयं से पहले आप, को जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया। समापन समारोह में कॉलेज के अन्य छात्र और समस्त स्टाफ मौजूद रहा। प्राचार्या ने पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की और उन्हें भविष्य के लिए बधाई दी।