कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल सनवारा में आयोजित सीबीएसई नेशनल बॉयज वॉलीबॉल टूर्नामेंट के तीसरे दिन रविवार को खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में कई मुकाबले खेले गए, जिनमें टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पांच दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से 60 भारतीय और 10 विदेशी टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों में अगले दौर में पहुंचने और खिताब की दौड़ में बने रहने के लिए उत्साह नजर आया। रविवार को अंडर-19 वर्ग में विद्या वर्ल्ड स्कूल और यूपीएससी जैन पब्लिक स्कूल ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की। दोनों टीमों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीमों को पीछे छोड़ा। अंडर-17 वर्ग में वेदव्यास सैनिक स्कूल, एमआर सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल और श्री विद्या निकेतन इंटरनेशनल स्कूल तिरुपति की टीमों ने अपने मुकाबले जीते। खिलाड़ियों ने कोर्ट पर दमदार खेल दिखाया। अंडर-14 वर्ग में वसिष्ठ जेंसीज स्कूल, डीएन चोपटा स्कूल और चांदनी पब्लिक स्कूल गाजीपुर ने प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराकर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के मैच सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक पुष्कर वोहरा और तकनीकी प्रतिनिधि अभिषेक उपाध्याय की देखरेख में आयोजित किए जा रहे हैं। पांच दिवसीय टूर्नामेंट का समापन 3 नवंबर को फाइनल मुकाबलों के साथ होगा।