जिला मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के उल्लास के साथ मनाया गया। आवास, नगर एवं ग्राम नियोजन, तकनीकी शिक्षा, व्यवसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर सलामी दी और जिला वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने भव्य परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह में पुलिस एवं विभिन्न सुरक्षा बलों तथा शिक्षण संस्थानों की 15 टुकड़ियों ने अनुशासन और जोश के साथ कदम से कदम मिलाकर मार्च पास्ट किया। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर एएसआई आशीष कुमार ने किया। टुकड़ियों के शानदार मार्च पास्ट ने चौगान मैदान में देशभक्ति का माहौल और अधिक गरिमामय बना दिया। समारोह से पूर्व मुख्य अतिथि राजेश धर्माणी ने डॉ. वाईएस परमार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद शहीद चौक पहुंचकर उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। समारोह में रेणुकाजी के विधायक विनय कुमार, नाहन के विधायक अजय सोलंकी, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।