नगर परिषद नाहन के नवनिर्वाचित 13 पार्षदों को शनिवार को एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने एक समारोह के दौरान पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नगर परिषद के कार्यालय में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित जन प्रतिनिधियों ने पूरी निष्ठा से नगर के विकास और जनसेवा का संकल्प लिया। एसडीएम ने बताया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ के दौरान पंचायतीराज अधिनियम के तहत कर्त्तव्य व अधिकारों को लेकर जानकारी दी गई। शीघ्र ही अगली बैठक अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनावों को लेकर होगी। शपथ ग्रहण प्रक्रिया पूरी होते ही अब सभी की निगाहें नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के आगामी चुनाव और राजनीतिक समीकरणों पर टिक गई हैं। इस दौरान विधायक अजय सोलंकी, नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार सहित स्टाफ मौजूद रहा।