रेणुकाजी के विधायक और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार पर आए दिन हो रही बयानबाजी को लेकर रेणुका ब्लॉक कांग्रेस ने शनिवार को प्रेसवार्ता की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तपेंद्र चौहान ने कहा कि वर्ष 1982 से लेकर 2025 तक रेणुका का विकास कांग्रेस पार्टी की देन है। जो लोग सरकार, विधायक व स्वर्गीय पूर्व विधायक को यह कह कर बदनाम कर रहे है कि 40 सालों में रेणुका विधानसभा क्षेत्र में कोई विकास नहीं हुआ है। उन लोगों की आंखों पर टीन का चश्मा चढ़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1982 से लेकर 2011 तक तत्कालीन विधायक स्वर्गीय प्रेम सिंह ने रेणुकाजी मेंं इतनी प्रगति करवाई की विकास के मामले में अन्य विधानसभा क्षेत्रों यहां तक कि स्वयं मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र को भी पीछे छोड़ दिया। उनके कार्यकाल में जहां रेणुकाजी में अनगिनत संस्थान खोले गए, वहीं 27 नई सड़कों का निर्माण और 17 कच्ची व मुख्य सडकों को पक्का करवाया गया। उनकी बदौलत आज हर गांव तक सड़क पहुंची है, इससे जनता को सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से लेकर 2025 तक वर्तमान विधायक विनय कुमार ने भी विकास के वर्चस्व को कायम रखते हुए रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र को विकास का मॉडल बनाने का प्रयास किया। विधायक निधि से कई गुणा अधिक बजट अपने विधानसभा क्षेत्र में खर्च किया लेकिन विपक्ष व विरोधी लोग विधायक विनय कुमार का अभार जताने की बजाये उनकी काबलियत पर सवाल उठा रहें है। जो कि शर्मनाक ही नहीं निंदनीय भी है। तपेंद्र चौहान ने कहा कि रेणुकाजी में भाजपा ने कई हथकंडे अपनाए, कई बार प्रत्याशी भी बदले लेकिन विकास के आगे भाजपा व असके नेता अपने मंसूबों पर कामयाब नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि विधायक और पार्टी पर लगाएं जा रहे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद व निराधार हैं। इस मौके पर मित्र सिंह तोमर, श्यामा ठाकुर, हरिंद्र शर्मा, मोहन लाल व राम रतन शर्मा सहित ब्लॉक कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।