डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों द्वारा 52 वरिष्ठ स्वयंसेवकों के सम्मान में एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों की समाज सेवा एवं योगदान को याद करते हुए उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला एनएसएस समन्वयक डॉ. पंकज चांडक और भावना राठी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में मुख्य अतिथियों ने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य केवल सेवा गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करता है। उन्होंने स्वयंसेवकों द्वारा समाज सेवा में दिए गए योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में बताया गया कि इन 52 वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने अपने एनएसएस कार्यकाल के दौरान विभिन्न सामाजिक, पर्यावरणीय और जागरूकता गतिविधियों में भाग लेते हुए 12,480 घंटे का स्वयंसेवी कार्य किया, जो अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। महाविद्यालय के एनएसएस संरक्षक एवं प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने सभी स्वयंसेवकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर शुभकामनाएं दी। समारोह के दौरान विभिन्न उपाधियां भी प्रदान की गईं। मिस फेयरवेल का खिताब साक्षी और मिस्टर फेयरवेल का खिताब सरवजीत को प्रदान किया गया। इसी प्रकार मिस ब्यूटीफुल का खिताब सरोजनी और मिस्टर हैंडसम का खिताब अभिषेक को दिया गया। मिस पर्सनैलिटी का खिताब तनुजा और मिस्टर पर्सनैलिटी का खिताब अभिषेक को प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन निशांत और पूजा ने आकर्षक एवं प्रभावशाली ढंग से किया, जिससे पूरे समारोह में उत्साह का माहौल बना रहा। विदाई समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और यादगार क्षणों के माध्यम से वरिष्ठ स्वयंसेवकों के साथ बिताए गए अनुभवों को साझा किया गया।