पवित्र रमजान माह के 25वें रोजे के अवसर पर स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने अंजुमन इस्लामिया जामा मस्जिद पहुँचकर मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ समय बिताया। इस दौरान विधायक की सादगी और उनके व्यवहार ने मस्जिद परिसर में मौजूद हर शख्स का दिल जीत लिया। इफ्तार कार्यक्रम के दौरान एक भावुक कर देने वाला मंजर तब देखने को मिला जब विधायक अजय सोलंकी ने अपनी कुर्सी छोड़कर वहां मौजूद बुजुर्गों को उस पर बिठाया और खुद एक आम इंसान की तरह अन्य लोगों के साथ खड़े रहे। विधायक ने वहां मौजूद नन्हे बच्चों से भी काफी देर तक बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष और अन्य गणमान्य साथियों की मौजूदगी में विधायक ने करीब 2 घंटे का समय बिताया। उन्होंने रोजेदारों को मिठाई, फल और जूस भेंट कर उनका रोजा इफ्तार करवाया। इस दौरान जामा मस्जिद में खुशी और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला। मुस्लिम समाज के लोगों ने विधायक की शराफत और मिलनसार व्यक्तित्व की जमकर सराहना की।