आसरा संस्था के प्रभारी डॉ. जोगेन्द्र हाब्बी ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि इन दिनों सिरमौर जनपद के गिरिपार के हाटी जनजातीय क्षेत्र के लोक कलाकार मध्यप्रदेश के मंडला जनपद के बिछीया में आयोजित तीन दिवसीय मड़ई उत्सव में भाग लेकर सिंहटू नृत्य और डगैली नाच की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दे रहे हैं। यह उत्सव नौ से ग्यारह जनवरी तक आयोजित किया गया। जनजातीय संस्कृति, कला एवं परंपराओं को समर्पित मड़ई उत्सव का आयोजन मंडला जनपद के बिछीया में मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय के सौजन्य से तथा जिला प्रशासन मंडला के सहयोग से किया गया है। तीन दिवसीय इस उत्सव का शुभारंभ नौ जनवरी को किया गया। भारत के विभिन्न राज्यों में प्रचलित जनजातीय नृत्य शैलियों पर केंद्रित इस राष्ट्रीय स्तरीय नृत्योत्सव में वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर एवं अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार डॉ. जोगेन्द्र हाब्बी के नेतृत्व में प्रस्तुत किए गए गिरिपार क्षेत्र के सिंहटू नृत्य और डगैली नाच की प्रस्तुति की दर्शकों ने खूब सराहना की।