चौगान मैदान में आयोजित सिरमौर क्रिकेट कप प्रतियोगिता में रविवार को रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। प्रतियोगिता के अहम मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में पहुंचे, जिससे पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा। प्रतियोगिता के आयोजक ओपी ठाकुर ने बताया कि ग्रुप ई में सुपर आठ में प्रवेश के लिए महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस दौरान धारटीधार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तत्तापानी की टीम को करारी शिकस्त दी और अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन धारटीधार की टीम ने बेहतर रणनीति और संतुलित प्रदर्शन के दम पर मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। चौगान मैदान में चल रही इस प्रतियोगिता में जिले भर की टीमें भाग ले रही हैं। आयोजकों के अनुसार आगामी मुकाबले और भी रोमांचक होने की उम्मीद है, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।