आस्था स्पेशल स्कूल नाहन की ओर से रक्षाबंधन पर्व पर शहर में राखियों के स्टॉल लगाए जाने हैं। इसे लेकर संस्थान में राखियांं तैयार करने का कार्य प्रगति पर है। चुनौतीपूर्ण बच्चे जहां अपनी शिक्षिका की देख-रेख में राखियां तैयार कर रहे हैं। वहीं, अब डीएड कॉलेज की छात्राएं और वरिष्ठ महिला नागरिक भी इस कार्य में जुट गई हैं। वरिष्ठ नागरिक डे केयर सेंटर में बुधवार को राखियां बनाने का कार्य शुरू किया गया। यहां वरिष्ठ महिला नागरिकों और डीएड कॉलेज की छात्राओं ने राखियां तैयार की। वरिष्ठ नागरिक डे केयर सेंटर की संचालक अर्चना सैनी व आस्था स्कूल की शिक्षिका मोमिना ने बताया कि हर साल की भांति इस वर्ष भी राखियों और दूसरे सजावटी सामान की प्रदर्शनी लगाई जानी है। राखियां बनाने के कार्य में चुनौतीपूर्ण बच्चे, डीएड प्रशिक्षु और वरिष्ठ महिला नागरिक भी सहयोग कर रही हैं। उन्होंने शहरवासियों से आस्था स्पेशल स्कूल की ओर से लगाए जाने वाले स्टॉलों से ही राखियों की खरीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे जो आमदनी होगी उस पैसे को चुनौतीपूर्ण बच्चों के ऊपर ही लगाया जाएगा।