सिरमौर जिले के पश्मी में प्रवास के लिए चालदा महासू महाराज दसऊ (उत्तराखंड) मंदिर से सोमवार दोपहर बाद बाहर निकले। इसके चलते जहां सिरमौर में ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी है, वहीं जौनसार के दसऊ गांव और आसपास के दर्जनों गांव के ग्रामीणों के चेहरे पर मायूसी दिखी। कई भक्तो के आंखों से अश्रु धारा बह रही थी। दरअसल, मई 2023 से चालदा महासू महाराज दसऊ मंदिर में विराजमान थे। इससे पूर्व जौनसार के समाल्टा, कोटी-कनासर में भी प्रवास पर रहे थे। हिमाचल सरकार के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और ग्रामीण भी पश्मी से दसऊ पहुंचे। उन्होंने दसऊ मंदिर में पूजा अर्चना की। ग्रामीणों ने गर्म जोशी से उनका स्वागत किया। उद्योग मंत्री ने कहा कि पश्मी शिलाई क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पल का आगाज शुरू हो गया है, जिसका पिछले पांच वर्ष से इंतजार था। दसऊ में चालदा महाराज के दर्शन के लिए पिछले कई दिनों से ग्रामीणों की भीड़ ज्यादा देखी जा रही थी। चालदा महाराज के वजीर दीवान सिंह राणा ने बताया कि 12 दिसंबर तक महाराज जौनसार के अलग-अलग स्थानों पर प्रवास करेंगे। 13 दिसंबर को हिमाचल में प्रवेश कर द्राबिल में प्रवास रहेगा। 14 दिसंबर को महाराज विधि विधान से मंत्रोचारण के साथ पश्मी मंदिर में विराजमान होंगे। उद्योगमंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से 100 से अधिक पुलिस जवान व गृह रक्षक तैनात किए गए हैं। स्वास्थ्य जांच के लिए चिकित्सा शिविर और मार्गों पर यातायात की विशेष व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विनम्रता, श्रद्धा और शांतिपूर्ण माहौल में महासू महाराज का स्वागत करें। इस अवसर पर शिलाई मार्केटिंग कमेटी अध्यक्ष सीता राम शर्मा, एसडीएम शिलाई जसपाल, अभियंता जल शक्ति विभाग प्रदीप चौहान, ओएसडी अतर राणा, पश्मी गांव के बारू राम ढीमेदार, भंडारी रघुवीर सिंह, वजीर दिनेश प्रकाश, प्रधान मदन शर्मा सहित हजारों श्रद्धालु इस यात्रा का हिस्सा बनें।