करीब डेढ़ महीने बाद शुक्रवार को बनकला संपर्क सड़क बहाल हो गई है। हाईकोर्ट के आदेशों के बाद सड़क को बहाल कर दिया गया है। सड़क के बहाल हो जाने के बाद क्षेत्र के पांच गांवों के सैंकड़ों ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। सड़क खुल जाने के बाद ग्रामीणों के चेहरे पर अलग ही मुस्कान झलक रही थी। हाईकोर्ट से आदेश मिल जाने के बाद शुक्रवार को मौके पर सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकिन पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही। लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से सड़क बहाल हो गई। ग्राम पंचायत बनकला के उप प्रधान राम कुमार ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेशों के बाद शुक्रवार को बनकला संपर्क सड़क को बहाल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सड़क के बहाल हो जाने से पांच गावों बनकला, ग्वाडो, घुंघरूवाला, रखनी, धौलों के लोगों को राहत मिली है। सड़क बंद किए जाने के बाद से ग्रामीणों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। बीमार लोगों को ले जाने के अलावा बच्चों को हर रोज स्कूल भेजना भी मुसीबत था।