प्रदेश सरकार भाजपा विधायकों के निर्वाचन के क्षेत्रों की अनदेखी कर रही है। इन क्षेत्रों में कोई भी विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। यह आरोप पांवटा के विधायक एवं पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी ने शनिवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में लगाए हैं। उन्होंने कहा कि तीन वर्षों में पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में विकास के तमाम कार्य रुके पड़े हैं। मुख्य रूप से सड़कों की बदहाल स्थिति परेशानी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब से सालाना करोड़ों रुपये का राजस्व प्रदेश सरकार को जाता है उसके बावजूद भी यहां सड़कों की स्थिति को नहीं सुधारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब क्षेत्र में आपदा प्रभावितों को सरकार की तरफ से कोई मदद नहीं मिल पा रही है। कई ऐसे लोग हैं जिनके घर पूरी तरह आपदा में क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन सरकार इन लोगों की मदद के लिए आगे नहीं आ पा रही है। यह लोग किराए के मकान में रह रहे हैं। इनसे वायदे के मुताबिक वह किराया भी सरकार उन्हें नहीं दे रही है।